जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमने चुनाव के समय अपने संकल्प पत्र में जनता से जो वादे किए थे, उनमें से अब तक लगभग 78 प्रतिशत वादे पूरे किए जा चुके हैं और शेष पर तेजी से काम चल रहा है। राजस्थान पानी, बिजली, सड़क, उद्योग, निवेश, आधारभूत ढांचे और सुशासन के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। हमारा ध्यान विकास और जनसेवा पर है। आने वाले समय में प्रदेश के हर शहर की सूरत बदली हुई नजर आने लगेगी। गांव-गांव तक विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रहेगी। जनता ने जिस जनादेश के साथ हमें चुना है, हम हर हाल में उस पर खरा उतरेंगे।
मुख्यमंत्री गुरुवार को एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है, जिसमें साधारण कार्यकर्ता भी सर्वोच्च पद तक पहुंच जाता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी इसके सबसे बडे़ उदाहरण हैं। परिवारवाद के बिना यहां मेहनत करने वाले और जनता के बीच रहने वाले व्यक्ति को अवसर मिलता है। मेरा जन्म भी किसान परिवार में हुआ और भारतीय जनता पार्टी के संगठन में एक कार्यकर्ता के रूप में काम करते हुए मुझे भी राजस्थान की आठ करोड़ से अधिक जनता की सेवा करने का अवसर मिला है। हमारी सरकार की प्राथमिकता यही है कि शासन का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान जल और ऊर्जा सुरक्षा की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उनके मार्गदर्शन से दशकों से लंबित जल परियोजनाओं को गति मिली है। देशभर में विगत समय में 10 अंतर्राज्यीय जल समझौते हुए जिनमें से अकेले राजस्थान के 4 समझौते हैं। रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, किशाऊ और नर्मदा परियोजनाओं के माध्यम से भविष्य की जल आवश्यकताओं को सुरक्षित करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। इन योजनाओं से पेयजल के साथ ही किसानों को सिंचाई के लिए और उद्योगों को भी पर्याप्त जल उपलब्ध होगा। हमारी सरकार जल संरक्षण के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। कर्मभूमि से मातृभूमि तथा वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान जैसे प्रयासों से भूजल स्तर पर वृद्धि हुई है।
बिजली खरीदने वाला राजस्थान आज बिजली बेचने की स्थिति में
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार के कुशल प्रबंधन से बिजली खरीदने वाला राजस्थान आज बिजली बेचने की स्थिति में आ गया है। किसानों को 27 जिलों में दिन में बिजली मिल रही है। राजस्थान 51.6 गीगावाट स्थापित सौर ऊर्जा क्षमता के साथ देश में प्रथम स्थान पर है। इसके साथ ही लगभग 6,000 मेगावाट-आवर की बैटरी ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं पर काम हो रहा है, जिससे पीक आवर्स में भी पर्याप्त बिजली उपलब्ध हो सकेगी। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं पीएम-कुसुम योजना में भी राजस्थान अग्रणी है।
वादे से ज्यादा नौकरियां देंगे
उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए 4 लाख सरकारी तथा 6 लाख निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा था। इसी दिशा में अब तक 1 लाख 93 हजार से अधिक सरकारी नियुक्तियां दी हैं। 1 लाख 18 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की दिशा में काम किया जा रहा है। निजी क्षेत्र में भी 5 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए गए हैं तथा 3 लाख से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जा चुका है। विपक्ष कहता था कि हम इतनी नौकरियां कभी नहीं दे पाएंगे, लेकिन हम अपने वादे पर खरा उतर रहे हैं और वादे से अधिक नौकरियां देंगे।
बहस की चुनौती देकर भाग जाता है विपक्ष
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के नेता बार-बार मुद्दों पर बहस की चुनौती देते हैं, लेकिन बहस के समय सदन से भाग जाते हैं। हमने विधानसभा में अपने 2 साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड रखा और इस पर चर्चा के लिए कहा तो विपक्ष विधानसभा से भाग गया। इस रिपोर्ट कार्ड के अनुसार हमारी सरकार ने कई क्षेत्रो में पूर्ववर्ती सरकार के 5 साल के कार्यकाल की तुलना में 3 से 28 गुना तक अधिक काम किया है। हम आगे भी अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के बीच रखेंगे।
भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार की नीतियों के कारण राजस्थान हमें एक खंडहर मकान के रूप में मिला था। युवा पेपरलीक से परेशान था, किसानों के सपने टूट रहे थे, महिलाओं पर अत्याचार हो रहे थे, कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी, भ्रष्टाचार चरम पर था। हमारी सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है और इस पर अमल करते हुए हमने भ्रष्ट कार्मिकों पर सख्त कार्रवाही सुनिश्चित की है। 381 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निलंबित किया है तथा करीब 700 कार्मिकों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि बायां हाथ भ्रष्टाचार करे या दायां हाथ, उसे काट दिया जाएगा। भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा।
9 लाख करोड़ रुपये के एमओयू धरातल पर उतरे
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को निवेश एवं औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए हमारी सरकार ने पहले ही वर्ष में राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन किया। इसके माध्यम से 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू किए गए, जिनमें से 9 लाख करोड़ रुपये के एमओयू धरातल पर उतर चुके हैं। आने वाले समय में बाकी निवेश प्रस्ताव भी मूर्त रूप लेंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान की खनिज संपदा एवं कृषि में विविधता प्रदेश की अर्थव्यवस्था की बड़ी ताकत है।
हर ग्राम पंचायत में होगा खेल मैदान एवं अटल ज्ञान केन्द्र
उन्होंने कहा कि राजस्थान के प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है, ताकि लोगों को शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़े और उन्हें गांव में ही सभी सुविधाएं मिले। इसी सोच के साथ हमने विकसित ग्राम-वार्ड अभियान के माध्यम से रोडमेप तैयार किया है। हमारी सरकार प्रत्येक ग्राम पंचायत में चरणबद्ध रुप से खेल मैदान एवं अटल ज्ञान केन्द्र स्थापित कर रही है। अटल ज्ञान केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को ई-लाइब्रेरी और ई-मित्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कांग्रेस जहां जीतती है, वहां ईवीएम सही और जहां हारती है, वहां गलत
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस द्वारा संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के मुद्दे पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा का लोकतांत्रिक व्यवस्था पर पूरा विश्वास है, लेकिन कांग्रेस के नेता सत्ता की चाहत और राजनीतिक हताशा में संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करते हैं, जो उचित नहीं है। एसआईआर यानी मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और पारदर्शी बनाना है। कांग्रेस को इस प्रक्रिया पर कोई आपत्ति है तो वह तथ्यों और प्रमाणों के साथ अपनी बात रखे, लेकिन हर प्रशासनिक प्रक्रिया को राजनीतिक विवाद का विषय बना देना और जनता के मन में भ्रम पैदा करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जहां जीतती है, वहां उन्हें ईवीएम सही लगती है और जहां हारती है, वहां गलत। ऑपरेशन सिंदूर में वे सेना पर सवाल उठाते हैं और एसआईआर की प्रक्रिया में चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हैं। यह उनकी राजनीतिक हार की हताशा मात्र है। वे अराजकता का माहौल पैदा कर सत्ता पाना चाहते हैं, लेकिन जनता उनकी असलियत जान चुकी है।
राजस्थान में प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 2 लाख पार
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम विकसित राजस्थान की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। पूर्ववर्ती सरकार के समय राजस्थान में प्रति व्यक्ति आय 1 लाख 34 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर 2 लाख 5 हजार रुपये हो गई है। राजस्थान में महिलाएं स्वरोजगार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। करीब 20 लाख महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। लाडो प्रोत्साहन योजना से लगभग 10 लाख बालिकाएं लाभान्वित हुई हैं। बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 46 हजार स्कूटी और 13 लाख से अधिक साइकिल वितरित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश के किसानों को सम्मान निधि के तहत केन्द्र सरकार के 6 हजार रुपये के साथ ही 3 हजार रुपये अतिरिक्त प्रदान कर रही है तथा इसे 3 हजार रुपये और बढ़ाकर 12 हजार रुपये तक किया जाएगा। किसानों को 67 हजार करोड़ रुपये से अधिक का ब्याजमुक्त अल्पकालीन फसली ऋण उपलब्ध कराया गया है। गेहूं की एमएसपी पर खरीद के लिए 150 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त बोनस भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने अपने प्रदेश को नशामुक्त बनाने का मन बना लिया है और उन्हें विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ही यह संभव है। आने वाले समय में पंजाब में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।




