जयपुर। राजस्थान में भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत गुरुवार को जयपुर के रामलीला मैदान में जनसभा आयोजित की। इसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभा को संबोधित किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने त्रिपोलिया गेट तक आयोजित पदयात्रा में हिस्सा लिया और आमजन से लोकतंत्र की रक्षा की अपील की।
जनसभा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र की बात करने से पहले कांग्रेस को अपने इतिहास और आपातकाल का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 1975 में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा गया था। उस दौरान लोकतंत्र सेनानियों को जेलों में रहना पड़ा और उनके परिवारों ने भी यातनाएं झेलीं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान के अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग कर कई निर्वाचित सरकारों को बर्खास्त किया था।
CM बोले- कांग्रेस को अपने कार्यकाल का जवाब देना चाहिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान करने की मिसाल पेश की थी। एक वोट से सरकार गिरने के बावजूद उन्होंने संसद में लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई और राष्ट्रपति को इस्तीफा सौंपा।
उन्होंने कांग्रेस पर सेना, निर्वाचन आयोग, सुप्रीम कोर्ट, ईडी और सीबीआई जैसी संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीति आरोप-प्रत्यारोप से नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतने से चलती है। कांग्रेस में साहस है तो संसद में तथ्यों और तर्कों के साथ चर्चा करे।
भजनलाल शर्मा ने अपनी सरकार के दो साल के कार्यकाल की तुलना कांग्रेस के पांच साल के शासन से करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने विधानसभा में दो साल बनाम पांच साल के आधार पर खुली बहस का प्रस्ताव रखा है। सरकार अपने कामकाज और उपलब्धियों का हिसाब जनता के सामने रख रही है।
उन्होंने कांग्रेस के पिछले शासनकाल में आरपीएससी, जल जीवन मिशन और अन्य विवादों का जिक्र करते हुए विपक्षी नेताओं से इन मामलों पर जवाब देने की बात कही।
परिवारवाद और तुष्टीकरण की राजनीति का लगाया आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति परिवारवाद, जातिवाद, धर्मवाद, तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार के इर्द-गिर्द घूमती है। इसके विपरीत भाजपा की राजनीति सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित पर आधारित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में गरीब कल्याण, विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा के क्षेत्र में हुई उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि करीब 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं।
अश्विनी वैष्णव ने SIR और EVM को लेकर कांग्रेस पर उठाए सवाल
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने संबोधन में SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस पर भ्रम और दुष्प्रचार फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि SIR कोई नई प्रक्रिया नहीं है। वर्ष 1947 के बाद अलग-अलग सरकारों के कार्यकाल में कई बार यह प्रक्रिया अपनाई गई है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और प्रमाणिक बनाने के लिए मृत व्यक्तियों के नाम हटाना, स्थान बदलने वाले मतदाताओं के नाम संशोधित करना और एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों को दुरुस्त करना जरूरी है। वैष्णव ने EVM को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव हारने पर विपक्षी दल चुनावी व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई और नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
संजय भाटिया और मदन राठौड़ ने भी किया संबोधित
भाजपा प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया ने SIR को लेकर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए यह प्रक्रिया जरूरी है। उन्होंने स्वदेशी रक्षा उपकरणों के निर्माण और कोविड के दौरान वैक्सीन विकसित करने को देश की आत्मनिर्भरता का उदाहरण बताया।
वहीं, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से पदयात्रा के माध्यम से जन-जागरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी दल सत्ता प्राप्ति के लिए लोकतांत्रिक मर्यादाओं को भूलकर अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
कई बड़े नेता और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, युवा एवं खेल विभाग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, विधायक कालीचरण सराफ और नगर निगम महापौर सुनील कोठारी सहित कई विधायक, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



