Dainik Adhikar

RECENT NEWS

Live Updates

जयपुर में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन का प्रवर्तन अधिकारी एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ, जयपुर इकाई द्वारा आज कार्यवाही करते हुए आरोपी श्री सोनू मौर्य, प्रवर्तन अधिकारी, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, जयपुर को एक लाख रुपये की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस श्री गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसकी फर्म में कार्यरत कार्मिकों का पीएफ जमा नहीं करवाने के संबंध में उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज नहीं करने तथा बैंक खाते फ्रीज नहीं करने की एवज में आरोपी श्री सोनू मौर्य द्वारा दो लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।

उक्त शिकायत पर रिश्वत मांग का सत्यापन करवाया गया, जिसमें आरोपी द्वारा एक लाख रुपये रिश्वत राशि की मांग करना पाया गया। आज आरोपी ने परिवादी की फर्म के सीए की मौजूदगी में सह-परिवादी से मांग के अनुसार एक लाख रुपये रिश्वत राशि प्राप्त की, जिसे एसीबी टीम द्वारा बरामद कर लिया गया।

एसीबी के उप महानिरीक्षक श्री ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ के श्री मनोज कुमार गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अन्य पुलिसकर्मियों की टीम द्वारा ट्रैप कार्यवाही करते हुए आरोपी श्री सोनू मौर्य को एक लाख रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस श्रीमती एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

किसी व्यक्ति के विरुद्ध भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में प्रकरण दर्ज होने की जानकारी मिले, तो प्रकरण की वस्तुस्थिति एवं उपलब्ध तथ्यों की जानकारी हेतु भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार औपचारिक रूप से सीधे संपर्क कर अपना पक्ष / स्पष्टीकरण प्रस्तुत कर सकता है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा दोष सिद्ध होने से पूर्व, तथ्यों एवं प्रस्तुत स्पष्टीकरण का परीक्षण कर नियमानुसार ही अग्रिम कार्रवाई की जाती है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के टोल फ्री नम्बर 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाईन नम्बर 94135-02834 पर 24X7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी सहायता करेगी।

अभी खास

Our Ads

RELETED POSTS

Copyright Dainik Adhikar 2026