जयपुर /राजस्थान। आदर्श नगर थाना पुलिस ने राहगीरों से मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर लुटेरे जुनैद कुरैशी को गिरफ्तार कर लूट का एप्पल आईफोन एवं वारदात में प्रयुक्त सफेद एक्टिवा स्कूटी जब्त की है। नशे का आदी आरोपी अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए लूट की वारदातें करता था। आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है तथा अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है।
आदर्श नगर थाना अधिकारी छगन डांगी के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व श्रीमती रंजीता शर्मा (आईपीएस) के निर्देशन में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। परिवादी दीपक कुमार शर्मा, निवासी जनता कॉलोनी से मोबाइल लूट की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारसमल जैन (आईपीएस) के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त जितेंद्र सिंह शेखावत (आईपीएस) के सुपरविजन में थानाधिकारी छगन डांगी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में कांस्टेबल धर्मेंद्र यादव एवं कांस्टेबल धर्म सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




