लंदन। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने लंदन में आयोजित वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट (डब्ल्यूटीएम)-2026 के दौरान भारत के पर्यटन को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण बैठकें कीं और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई दिशा दी। उन्होंने भारतीय पर्यटन के प्रचार-प्रसार के लिए इरोज के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
इरोज के साथ साझेदारी के तहत लघु फिल्मों, संयुक्त मार्केटिंग अभियानों और नवाचार आधारित प्रचार गतिविधियों के माध्यम से भारत के विविध पर्यटन स्थलों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अनूठे पर्यटन अनुभवों को दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। शेखावत ने कहा कि सिनेमा और कहानी कहने की कला लोगों को नए स्थानों की यात्रा करने और विभिन्न संस्कृतियों को जानने के लिए प्रेरित करने की क्षमता रखती है।
शेखावत ने कतर टूरिज्म के चेयरमैन साद बिन अली अल खारजी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की। इसमें भारत-कतर पर्यटन सहयोग, पर्यटकों के आदान-प्रदान, बेहतर कनेक्टिविटी तथा सांस्कृतिक, विरासत और अनुभव आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने वर्ल्ड ट्रैवल एंड टूरिज्म काउंसिल (डब्ल्यूटीटीसी) की अध्यक्ष एवं सीईओ ग्लोरिया ग्वेरा और उनकी टीम से मुलाकात की। बैठक में अगले वर्ष भारत में प्रस्तावित डब्ल्यूटीटीसी ग्लोबल समिट की तैयारियों और उद्देश्यों पर विचार-विमर्श हुआ। इस समिट के जरिए वैश्विक पर्यटन नेताओं, नीति निर्माताओं और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
ब्रिटेन की खेल, पर्यटन, स्थान एवं डिजिटल सरकार मंत्री स्टेफनी पीकॉक के साथ बैठक में भारत-ब्रिटेन पर्यटन सहयोग, कनेक्टिविटी, सांस्कृतिक एवं विरासत पर्यटन तथा दोनों देशों के पर्यटन उद्योगों के बीच साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई। शेखावत की ये बैठकें भारत को वैश्विक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। इस दौरान राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति भी मौजूद रहीं।




