Dainik Adhikar

RECENT NEWS

Live Updates

समाज के प्रतिनिधि संगठनात्मक क्षमता और जनसंपर्क के माध्यम से भाजपा को मजबूत बनाने में निभाएंगे महत्वपूर्ण भूमिका: मदन राठौड़

जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने श्रीगंगानगर के पूर्व जिला प्रमुख पृथ्वीराज मील और उनके दर्जनभर से अधिक समर्थकों को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर सदस्यता ग्रहण करवाई। राठौड़ ने कहा कि पृथ्वीराज मील सहित समाज के जागरूक लोगों का भाजपा के साथ जुड़ना संगठन के लिए उत्साहजनक है। इससे पार्टी की ताकत बढ़ेगी और राष्ट्रीय नेतृत्व को मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को विकसित भारत बनाने के लिए जो संकल्प लिया गया है, उसे पूरा करने में समाज के प्रत्येक वर्ग का योगदान महत्वपूर्ण है। ऐसे समय में समाज के प्रतिनिधियों का भाजपा के साथ आना संगठन के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। इस दौरान भाजपा प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी ने पार्टी ग्रहण करने वाले सभी कार्यकर्ताओं का हार्दिक अभिनंदन किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पृथ्वीराज मील ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा को मजबूत बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। मील और उनके कार्यकर्ताओं ने पंजाब की सीमा से जुड़े क्षेत्रों के लोगों के बीच भाषाई एवं सामाजिक समानताएं होने पर भाजपा की जीत के लिए अपनी पूरी टीम के साथ योगदान देने का संकल्प स्वागतयोग्य है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रतिनिधि अपनी संगठनात्मक क्षमता और जनसंपर्क के माध्यम से भाजपा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। समाज के लोगों के सहयोग से राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार को भी मजबूती मिलेगी।

राजस्थान में पंचायत चुनाव हों या पंजाब में विधानसभा चुनाव, समाज के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी और उनकी संगठनात्मक क्षमता पार्टी के लिए उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने सभी उपस्थित प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का स्वागत, अभिनंदन और धन्यवाद दिया। इस दौरान पूर्व सरपंच धर्मपाल बेनीवाल, जमीदारा छात्र संगठन श्रीगंगानगर के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप मटोरिया, शब्बीर खान, संजय अग्रवाल, अंकुर छाबडा, कमल रेगर, डालाराम नायक, महेंद्र जाखड, राजीव मेहता, महावीर बेनीवाल और पवन सारस्वत ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

अभी खास

Our Ads

Copyright Dainik Adhikar 2026