ओटावा। कनाडा के क्यूबेक प्रांत में मॉन्ट्रियल के नजदीक एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से चार लोगों की जान चली गई। हादसा सेंट-ब्रिगिड-डी-इबरविले इलाके में शनिवार दोपहर हुआ। करीब 2:30 बजे पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को हेलीकॉप्टर के संकट में होने की सूचना मिली थी।
रेस्क्यू टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो हेलीकॉप्टर में आग लगी हुई थी। विमान में मौजूद चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। क्यूबेक पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जानकारी में हेलीकॉप्टर के निजी होने की बात सामने आई है।
हादसे की जांच क्यूबेक पुलिस की मेजर क्राइम यूनिट कर रही है। इसके अलावा क्राइम सीन विशेषज्ञ और ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड ऑफ कनाडा के जांचकर्ता भी मामले की पड़ताल में शामिल हैं। दुर्घटना का स्थान हाईवे 10 के पास रैंग डेस इकोसेस सड़क के नजदीक बताया गया है।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के लगभग एक घंटे बाद हेलीकॉप्टर में लगी आग बुझा दी गई। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया में कई दिन लगने की संभावना है।





