जयपुर । पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री राजेन्द्र राठौड़ ने जयपुर में कांग्रेस के प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश में घटते जनाधार और चुनावों में लगातार मिल रही हार से कांग्रेस पूरी तरह बौखला गई है। इसी के परिणामस्वरूप कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर अपनी राजनीतिक असफलता से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
श्री राठौड़ ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन के बाद कांग्रेस जिस प्रकार के प्रदर्शन कर रही है, उससे उसकी राजनीतिक बेचैनी नजर आ रही है। भारतीय सेना के शौर्य और निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाना कांग्रेस की राजनीति का हिस्सा बन गया है। निर्वाचन आयोग और सर्वाेच्च न्यायालय जैसे संवैधानिक संस्थानों के निर्णयों पर सवाल उठाने की बजाय राजनीतिक दलों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए।
राजेन्द्र राठौड़ ने एसआईआर के मुद्दे पर कहा कि 27 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण की वैधानिकता को बरकरार रखा था। इसके बावजूद निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठाकर भ्रम का वातावरण बनाने का प्रयास जनता के बीच प्रभावी नहीं होगा।





