जयपुर । गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कांग्रेस द्वारा एसआईआर और निर्वाचन आयोग को लेकर आरोप और प्रदर्शन पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि पिछले चार-पांच दिनों से कांग्रेस देश की जनता के सामने झूठ फैलाकर चुनाव आयोग को आरोपित करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस ने एसआईआर को लेकर हल्ला मचाया, न्यायिक प्रक्रिया का भी सहारा लिया, लेकिन कांग्रेस की साजिश कामयाब नहीं हुई। अब कांग्रेस अपनी हताशा में निर्वाचन आयोग के अधिकारियों पर आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस को बार-बार नकारा है, लेकिन कांग्रेस अपनी हार की समीक्षा करने के बजाय चुनाव आयोग, ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है। लोकतंत्र में संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और राजनीतिक स्वार्थों के लिए इन संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करना और दुष्प्रचार करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।





