Dainik Adhikar

RECENT NEWS

Live Updates

राजस्थान पुलिस मुख्यालय और पुलिस अकादमी में मनाया गया ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक का दूसरा दिन

जयपुर, 02 नवम्बर। ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के तहत पुलिस मुख्यालय एवं राजस्थान पुलिस अकादमी में पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। 01 से 07 नवम्बर, 2026 तक आयोजित इस सप्ताह के दूसरे दिन सोमवार को ऊर्जा संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक(कानून एवं व्यवस्था) श्री संजय अग्रवाल ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों को ‘मिशन लाइफ-लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट’ की शपथ दिलाई, वहीं राजस्थान पुलिस अकादमी में ऊर्जा बचत के प्रति जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

पुलिस मुख्यालय के ग्राउंड फ्लोर स्थित पश्चिम चौक में आयोजित कार्यक्रम में महानिदेशक पुलिस श्रीमती मालिनी अग्रवाल सहित अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस वीके सिंह, श्री रुपिंदर सिंघ, श्री बिपिन कुमार पाण्डेय, श्री संजीब कुमार नार्जरी, श्री एस. सेंगाथिर, भूपेंद्र साहू एवं श्री हवा सिंह घुमरिया सहित पुलिस मुख्यालय में कार्यरत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मंत्रालयिक कार्मिकों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। शपथ के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग, अपशिष्ट में कमी लाने तथा दैनिक जीवन में सतत जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया गया।

इसी क्रम में राजस्थान पुलिस अकादमी में ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के दूसरे दिन को ऊर्जा संरक्षण दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर अकादमी के सभी भवनों की विद्युत आपूर्ति आधे घंटे के लिए बंद रखी गई। साथ ही सभी कार्मिकों एवं प्रशिक्षुओं को अपने घरों में अनावश्यक रूप से जल रही लाइटें एवं अन्य विद्युत उपकरणों के स्विच बंद रखने तथा ऊर्जा का विवेकपूर्ण उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान ऊर्जा संरक्षण के प्रति सजग रहने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस मुख्यालय एवं अकादमी ने पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत को दैनिक जीवन की आदत बनाने तथा सतत एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

अभी खास

Our Ads

Copyright Dainik Adhikar 2026